चारभुजा मंदिर प्रांगण में दीप प्रज्वलित कर मनाया प्रधानमंत्री मोदी का 76वां जन्मदिन

भीलवाड़ा समाचार 
आकोला (रमेश चंद्र डाड) भारतीय जनता पार्टी मंडल कोटड़ी की ओर से गुरुवार को चारभुजा मंदिर प्रांगण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

कार्यकर्ताओं ने भगवान चारभुजानाथ के समक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और देश के लिए निरंतर कार्य करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में जयकारे भी लगाए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन एवं उनके सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी कार्यकर्ताओं के साथ साझा की।

इस दौरान पूर्व सरपंच धर्मचंद जीनगर, ओबीसी मोर्चा उपाध्यक्ष कल्याण आचार्य, राजेंद्र हाड़ा, महावीर माली, अमित चेचाणी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में धर्मचंद जीनगर ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जयकारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।